लोकसेवा में भाजपा का मूल मंत्र है सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास- संजीव खन्ना

 लोकसेवा में भाजपा का मूल मंत्र है सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास।



डेराबस्सी
डेराबस्सी विधान सभा हलके से भारतीय जनता पार्टी-पंजाब लोक कांग्रेस व संयुक्त अकालीदल के प्रत्याशी संजीव खन्ना ने कहा कि पार्टी के मूल मंत्र के मुताबिक चुनाव मैदान उतरे हैं। लोकसेवा में भाजपा का मूल मंत्र है सबका साथ, सबका विकास व सबका विश्वास। इस मूलमंत्र को न केवल चुनाव प्रचार में बल्कि संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के लिए अमलीजामा पहनाएंगे। उन्हें बाहरी बताने वालों को करारा जबाब देते हुए संजीव खन्ना ने कहा कि वे पहले ऐसे रियल इस्टेट कारोबारी हैं जो ढ़कोली में अपने तैयार किए मल्टीस्टोरी अपार्टमेंट में ही अपने परिवार के साथ रहते हैं। पहले उनकी जिम्मेदारी अपार्टमेंट रेजीडेंट्स तक सीमित थी जो जीरकपुर एमसी चुनाव के बाद अब पूरे डेराबस्सी हलके की बन गई है। 

डेराबस्सी में पत्रकारों से मुखातिब हुए संजीव  खन्ना ने दावा किया कि टिकट के लिए छह दावेदार थे पर मिलनी किसी एक थी। टिकट से वंचित रहे चार दावेदार को साथ लाने में सफल रहे हैं जबकि डेराबस्सी से दावेदार व उनके समर्थकों को भी देरसवेर साथ जोड़ने में सफल रहेंगे। वैसे भी गठबंधन के तहत डेराबस्सी सीट भाजपा की झोली में आना ही बड़ी उपलब्धि है। खन्ना ने कहा कि 30 साल बाद डेराबस्सी हलके में पहली बार कमल के फूल पर चुनाव होने जा रहा है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं सहित आम वोटर्स व उनके परिवारों में भारी उत्साह है। खेती कानून निरस्त होने के बाद किसानों के साथ कोई विरोध नहीं रह गया है। वे शहरी के साथ देहात में चुनाव प्रचार कर जनता से समर्थन जुटा रहे हैं। डेराबस्सी हलके में डोर-टू-डोर की 100 से अधिक टीमें सक्रिय हैं जिनके तादाद आने वाले दिनों में दोगुनी कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि वे 29 जनवरी को अपना नामांकन दायर करेंगे। 

संजीव खन्ना ने कहा कि उनका मुकाबला किसी से नहीं है। न ही वे विरोधी पार्टियों की कमियां बताकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे केवल अपना और पार्टी का पक्ष रख रहे हैं और डेराबस्सी के लिए क्या कुछ कर सकते हैं, इसका जनता से वादा कर रहे हैं। संजीव ने कहा कि चुनावों में दो मेनिफेस्टो पर काम हो रहा है। एक मेनिफेस्टो प्रदेश के विकास के लिए पार्टी समेत गठबंधन का है जबकि एक लोकल मेनिफेस्टो डेराबस्सी हलके के विकास के लिए तैयार हो रहा है। इसके लिए समाज के सभी वर्गों से रायशुमारी चल रही है जिसमें मीडिया से भी योगदान लिया जाएगा। खन्ना ने कहा कि डेराबस्सी हलके से उनका कारोबारी के तौर पर बीते 35 सालों से नाता है। जो लोग उन्हें बखूबी जानते हैं, वे राजनीति के इस नए परिवेश खुद ही उनके मददगार बनकर उनका नया किरदार जनता से साझा करेंगे। इस मौके ओबीसी मोर्चे के प्रदेश उपप्रधान रविंदर वैष्णव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एकता नागपाल, मनोज व अंकुश उप्पल भी हाजिर थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने