राष्ट्रीय केटलबेल चैंपियनशिप में एटीएस वैली स्कूल का स्वर्णिम प्रदर्शन, तीन छात्रों ने जीते गोल्ड मेडल
डेराबस्सी:- एटीएस वैली स्कूल के विद्यार्थियों ने महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित 8वीं केटलबेल स्पोर्ट नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल और क्षेत्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में स्कूल के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। स्कूल प्रबंधन द्वारा जानकारी के अनुसार, ग्रेड-6 के छात्र अधरित पंवार ने 4 किलोग्राम स्नैच स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं ग्रेड-8 की छात्रा प्रियांशी सैनी ने भी 4 किलोग्राम स्नैच वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ग्रेड-10 की छात्रा किरतवीर कौर ने 6 किलोग्राम स्नैच स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतकर स्कूल की उपलब्धियों में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ा। इसके अलावा ग्रेड-7 की दिविशा मेहता ने 4 किलोग्राम स्नैच वर्ग में सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि ग्रेड-5 की समरीत कौर ने इसी स्पर्धा में ब्रॉन्ज़ मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता पर स्कूल परिसर में खुशी का माहौल है। स्कूल प्रबंधन ने सभी विजेता खिलाड़ियों को उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। स्कूल प्रशासन ने विशेष रूप से खेल प्रशिक्षक सुश्री सुषमा बाजवा और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। प्रबंधन ने कहा कि खिलाड़ियों की इस उपलब्धि के पीछे प्रशिक्षकों का निरंतर मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और समर्पण महत्वपूर्ण रहा है। उनके कुशल प्रशिक्षण और अथक मेहनत ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल के प्रधानाचार्य ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे एटीएस वैली परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्कूल के ये युवा खिलाड़ी भविष्य में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई सफलताएं हासिल कर संस्थान का नाम रोशन करते रहेंगे।
