पी.ए.यू. और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के बीच मौसम राडार स्थापित करने के लिए समझौता
लुधियाना, 9 जून 2026:
पंजाब कृषि विश्वविद्यालय और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के बीच आज मौसम राडार स्थापित करने को लेकर एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। पी.ए.यू. के वाइस चांसलर डॉ. सतबीर सिंह गोसल की अध्यक्षता में हुई बैठक में पी.ए.यू. के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. मखन सिंह भुल्लर और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. सुरिंदर पॉल ने समझौते पर हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर पी.ए.यू. के रजिस्ट्रार डॉ. ऋषिपाल सिंह आई.ए.एस. और निदेशक शोध डॉ. अजमेर सिंह ढट्ट भी मौजूद रहे।
डॉ. सतबीर सिंह गोसल ने अमृतसर में डॉप्लर मौसम राडार स्थापित किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि इससे मौसम संबंधी अग्रिम सूचना प्रणाली को और मजबूत किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर-पश्चिम भारत में सटीक मौसम पूर्वानुमान के लिए आंकड़े एकत्र कर उन्हें जमीनी स्तर की परिस्थितियों से जोड़ना बेहद जरूरी है। इससे राज्य में मौसम विज्ञान के नेटवर्क का विस्तार होगा।
डॉ. गोसल ने कहा कि ए.आई. तकनीकों की मदद से कृषि क्षेत्र में अग्रिम मौसम पूर्वानुमान प्रणाली को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि फसलों के बेहतर उत्पादन और अधिक पैदावार के लिए मौसम संबंधी सही और समय पर जानकारी आज के समय की बड़ी जरूरत है।
इस मौके पर भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, चंडीगढ़ के निदेशक डॉ. सुरिंदर पॉल ने बताया कि यह राडार मिशन मौसम योजना के तहत भारत सरकार की योजना का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि सी-बैंड डॉप्लर मौसम राडार कृषि विज्ञान केंद्र नागकलां, अमृतसर में स्थापित किया जा रहा है। यह राडार 250 से 300 किलोमीटर के दायरे में मौसम की सटीक जानकारी उपलब्ध करवाएगा। इससे कृषि कार्यों के लिए अग्रिम मौसम जानकारी में बढ़ोतरी होगी और विशेष तौर पर पंजाब क्षेत्र में मौसम संबंधी आंकड़े एकत्र करने में मदद मिलेगी।
पी.ए.यू. के निदेशक प्रसार शिक्षा डॉ. मखन सिंह भुल्लर ने बताया कि अमृतसर, पठानकोट, फतेहगढ़ साहिब, होशियारपुर, संगरूर, मानसा और मुक्तसर के 7 कृषि विज्ञान केंद्रों सहित अबोहर और कपूरथला के दो शोध केंद्रों में जमीनी स्तर की मौसम जानकारी देने के लिए 9 यंत्र स्थापित किए गए हैं। इन यंत्रों की सहायता से पंजाब में मौसम संबंधी जानकारी और मजबूत होगी तथा मौसम संबंधी चेतावनी समय रहते जारी की जा सकेगी।
पी.ए.यू. के कृषि मौसम विज्ञान विभाग की प्रमुख डॉ. पवनीत कौर किंगरा ने औपचारिक धन्यवाद करते हुए पी.ए.यू. और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने स्थापित किए जा रहे डॉप्लर मौसम राडार की कार्यप्रणाली पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विशाल बैक्टर ने किया। अंत में मौसम वैज्ञानिक डॉ. प्रभजोत कौर सिद्धू ने सभी का धन्यवाद किया।


