पंजाब को खुशहाल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत: खन्ना
भाजपा प्रत्याशी ने गोल्डन सैंड अपार्टमेंट में फहराया ध्वज
जीरकपुर। डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी व पंजाब लोक कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी संजीव खन्ना ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर गोल्डन सैंड अपार्टमेंट में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद क्षेत्र के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अपनी महान सांस्कृतिक परंपराओं और नैतिक मूल्यों पर चलते हुए राष्ट्र और पंजाब को को स्वच्छ, स्वस्थ और खुशहाल बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की जरूरत है।
संजीव खन्ना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 तक हर हाथ को काम देकर देश को बेरोजगारी मुक्त बनाने का संकल्प लिया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान हर भारतीय नागरिक की आत्मा की आवाज है। आज हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं, इस दौरान हमने उल्लेखनीय प्रगति की है।
संजीव खन्ना ने कहा कि असली गणतंत्र अंतिम व्यक्ति का उदय है। गणतंत्र वो नहीं जिसमें लोगों को मांगना पड़े, बल्कि गणतंत्र वह है, जिसमें बिना मांगे उनका हक मिले।
इसी कल्पना के साथ भारतीय जनता पार्टी पंजाब की राजनीति में आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर प्रदेश महिला मोर्चा कार्यकारिणी सदस्य शिवानी खैर, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एकता नागपाल, चंपा राणा, जिला युवा मोर्चा सचिव दिनेश शर्मा, जिला युवा मोर्चा सचिव शशांक वैष्णव, जिला कार्यकारिणी सदस्य नवीन सांगवान, मंडल ट्रांसपोर्ट अध्यक्ष संपत्त चौधरी, मंडल युवा मोर्चा अध्यक्ष अमित कुंडू, महिला मोर्चा उपप्रधान रमा रावत, हरियाणा भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र गर्ग, भाजपा युवा मोर्चा के महासचिव दीपक राणा, युवा नेता अंकुश उप्पल, आशीष राणा, कुणाल अरोड़ा, तुषार गर्ग, ललित गोयल समेत कई गणमान्य मौजूद थे।