डेराबस्सी: पतंजलि संगठन द्वारा आयोजित सात दिवसीय योग शिविरों का समापन, प्रतिदिन निशुल्क योग कक्षाएं जारी रहेंगी
डेराबस्सी, पतंजलि संगठन डेराबस्सी द्वारा आयोजित सात दिवसीय इंटीग्रेटेड योग शिविरों का भव्य समापन जीबीपी रोजवुड स्टेट 1 के सेंट्रल पार्क एवं किंग्स वैली सोसाइटी में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर हवन यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसे पतंजलि भारत स्वाभिमान राज्य प्रभारी श्री नवीन जी द्वारा विधिपूर्वक संपन्न कराया गया।
इन योग शिविरों के समापन के उपरांत संगठन ने यह घोषणा की कि दोनों ही स्थानों पर अब प्रतिदिन प्रातः 5 बजे से 7 बजे तक निशुल्क योग कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि आमजन नियमित रूप से योग का लाभ ले सकें। इसकी जानकारी जिला प्रभारी श्री सुखविंदर सिंह ने दी।
संगठन के तहसील प्रभारी श्री हरीश सिंह ने बताया कि आगामी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। इसके लिए पूर्वाभ्यास स्वरूप क्षेत्र में लगातार तीन, पांच व सात दिवसीय योग शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को योग, प्राणायाम, ध्यान व भारतीय जीवनशैली से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
श्री हरीश सिंह ने क्षेत्रवासियों से योग दिवस के दिन घरों से बाहर निकलकर अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की और कहा कि, "आइए हम सब मिलकर भारतीय संस्कृति और योग का शंखनाद करें।"
इस अवसर पर समाजसेवियों, पतंजलि योग प्रशिक्षकों और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने सहभागिता की।
