प्रयागराज की साधना वर्मा ने मुंबई में अनूप जलोटा संग रिकॉर्ड किया राधा-कृष्ण भजन

प्रयागराज की साधना वर्मा ने मुंबई में अनूप जलोटा संग रिकॉर्ड किया राधा-कृष्ण भजन



मुंबई। प्रयागराज की उभरती हुई गायिका साधना वर्मा ने भजन सम्राट अनूप जलोटा के साथ पहली बार राधा-कृष्ण भजन की रिकॉर्डिंग कर एक नया मुकाम हासिल किया है। यह रिकॉर्डिंग मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित एबी साउंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो में संपन्न हुई।

अब तक साधना वर्मा मुख्य रूप से गायक आमिर शेख के साथ कई गीतों में अपनी आवाज़ दे चुकी हैं, जिनमें “मंसूबा”, “तलब” और “इश्क़बाज़” जैसे गाने शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने शारदुल राठौड़ के साथ “ना जाने ये हुआ है कैसे” तथा जावेद अली के साथ “यारा” जैसे गीतों में भी अपनी गायिकी का जलवा बिखेरा है।

इस बार साधना ने पहली बार भजन शैली में कदम रखते हुए अनूप जलोटा के साथ राधा-कृष्ण भजन रिकॉर्ड किया। इस भजन को लेखिका शीला झा ने लिखा है, जबकि इसका संगीत निर्देशन सुभाष सूर्यवंशी ने किया है। साउंड इंजीनियर की जिम्मेदारी आशीष झा ने संभाली है।

रिकॉर्डिंग सत्र के दौरान कुल चार गाने रिकॉर्ड किए गए, जिनमें दो अनूप जलोटा के सोलो, एक साधना वर्मा का सोलो और एक युगल गीत शामिल है, जिसमें साधना और अनूप जलोटा की आवाज़ का सुंदर संगम सुनने को मिलेगा। यह सभी गीत शीला कृष्णा म्यूजिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज किए जाएंगे।

इस अवसर पर अनूप जलोटा ने शीला झा द्वारा लिखे गए भावपूर्ण बोलों और साधना वर्मा की मधुर गायिकी की जमकर सराहना की। उन्होंने साधना को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

रिकॉर्डिंग के दौरान कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें लेखक-निर्देशक शचिन्द्र शर्मा, निर्माता बालकृष्ण श्रीवास्तव, गायक-गीतकार विशु, गायिका छाया साखरे, गायक प्रेम प्रकाश दुबे, संतोष वर्मा, पुष्कर ओझा और शामी एम. इरफान सहित अन्य लोग शामिल रहे। 


एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने