फिल्म ‘फोकटिया बाबू’ का भव्य मुहूर्त संपन्न, हंसी और भावनाओं का अनूठा संगम होगी फिल्म
मुंबई। जयश्री कृष्णा कम्बाइंस के बैनर तले बनने जा रही हिंदी कॉमेडी फिल्म ‘फोकटिया बाबू’ का भव्य मुहूर्त अंधेरी पश्चिम स्थित एक स्टूडियो में विधिवत पूजा-अर्चना और क्लैप समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर फिल्म जगत, सामाजिक क्षेत्र और उद्योग जगत की कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में वेस्टर्न रेलवे के अधिकारी डॉ. अमर बहादुर पटेल, नैसर्गिक विकलांग सेवा संघ के अध्यक्ष टी. एन. दुबे तथा उद्योगपति काशीनाथ पांडे ने शिरकत कर पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।
फिल्म के निर्माता वीरेंद्र सिंह और निर्देशक प्रेम कुमार सिंह ने मुहूर्त समारोह के दौरान फिल्म की कहानी और इसकी खासियतों से पर्दा उठाया। उन्होंने बताया कि ‘फोकटिया बाबू’ एक ऐसी मनोरंजक पारिवारिक कॉमेडी है, जिसमें देसी अंदाज, हास्य, जुगाड़, गलतफहमियां और भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म का उद्देश्य दर्शकों को भरपूर मनोरंजन के साथ एक सकारात्मक संदेश देना भी है।
फिल्म की कहानी एक ऐसे युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो बिना पैसा खर्च किए जिंदगी के हर सुख का आनंद लेने का सपना देखता है। उसकी मुफ्तखोरी और छोटी-छोटी जुगाड़ें उसे लगातार हास्यास्पद परिस्थितियों में फंसाती हैं। जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, उसके कारनामे बड़े बवाल का रूप ले लेते हैं और घटनाक्रम में ऐसे कई मोड़ आते हैं, जो दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर देंगे।
निर्देशक प्रेम कुमार सिंह ने कहा कि यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि एक ऐसे इंसान की कहानी भी है जो अपने अलग अंदाज से लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाना चाहता है। उन्होंने बताया कि फिल्म का क्लाइमेक्स बेहद भावनात्मक होगा और दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी कर देगा। उनके अनुसार, यह फिल्म कॉमेडी और संवेदनाओं का ऐसा संगम होगी, जो लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रखेगी।
फिल्म में हरीश हराया, अयाज खान, नीलम पांडे, आंचल चौहान, आलोक और गोपाल सहित कई प्रतिभाशाली कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माता वीरेंद्र सिंह ने विश्वास जताया कि फिल्म का विषय, कलाकारों का अभिनय और मनोरंजक प्रस्तुति हर आयु वर्ग के दर्शकों को पसंद आएगी।
मुहूर्त समारोह के दौरान पूरी टीम ने फिल्म की सफलता के लिए विशेष पूजा-अर्चना की और जल्द ही शूटिंग शुरू करने की घोषणा की। फिल्म के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी वरिष्ठ प्रचारक समरजीत को सौंपी गई है। अपनी दिलचस्प कहानी, दमदार कलाकारों और पारिवारिक मनोरंजन के वादे के साथ ‘फोकटिया बाबू’ ने रिलीज से पहले ही दर्शकों और फिल्म जगत का ध्यान अपनी ओर आकर्षित करना शुरू कर दिया है।

