डेराबस्सी यूनियन में खड़े ट्रक में लगी आग, एमएलए भी मौके पर पहुंचे
चौकीदार की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा: रंधावा
डेराबस्सी,
बीती रात ट्रक यूनियन में खड़े एक ट्रक में अचानक आग लग गई। आग लगने से ट्रक का कैबिन बुरी तरह जल गया। यूनियन में तैनात चौकीदार की तत्परता से यूनियन में खड़े बड़ी संख्या में ट्रकों को क्षतिग्रस्त होने से बचा लिया गया। फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। आग की सूचना मिलने पर रात में हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा घटना का जायजा लेने यूनियन पहुंचे।
विधायक रंधावा ने कहा कि यूनियन में तैनात चौकीदार अवतार सिंह की सूझबूझ और तत्परता से आज एक बड़ा नुकसान होने से बच गया। उन्होंने कहा कि यूनियन के अंदर हर समय सैकड़ों ट्रक खड़े रहते हैं। अगर चौकीदार अवतार सिंह समय पर आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड और यूनियन संचालकों को नहीं देता तो यूनियन में खड़ी अन्य गाड़ियों में भी आग फैल सकती थी। ट्रक के मालिक साहिब सिंह ने बताया कि वह रोजाना की तरह शाम को अपना ट्रक यूनियन में खड़ा करते हैं पर रात को बैटरी के तारों में शॉर्ट सर्किट होने से ट्रक में आग लग गई जिसमें ट्रक का कैबिन, बैटरी, तार जल गए।
डेराबस्सी005: ट्रक में आग लगने के बाद मौके का निरीक्षण करते विधायक कुलजीत सिंह रंधावा।

