घायल युवक की लोग वीडियो बनाते रहे पास में अस्पताल तक नहीं पहुंचाया
ट्रैक्टर ट्राली तले कुचले जाने से एक्टिवा स्कूटर चालक युवक गंभीर रुप से जख्मी
डेराबस्सी
डेराबस्सी पुलिस थाने के पास कॉलेज रोड पर ईंटों भरी एक ट्रैक्टर ट्राली तले कुचले जाने से एक्टिवा स्कूटर चालक युवक गंभीर रुप से जख्मी हो गया। ट्राली के पिछले टायरों के नीचे आने से उसकी दोनों टांगों का कचूमर बन गया। युवक ने हौसला नहीं छोड़ा और फोन कर अपने साथियों को बुलाया जिसे बाद में एंबुलैंस से पीजीआई, चंडीगढ़ पहुंचाया गया। डेराबस्सी पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली जब्त कर मामले की पड़ताल शुरु कर दी है।
जानकारी देते हुए उसके दोस्त नीरज ने बताया कि 28 वर्षीय सर्वेश कुमार पुत्र रामजी, जिला कुशीनगर, यूपी समेत चार पांच लड़के कॉलेज कालोनी में किराए पर रहते हैं।
सभी पीओपी सीलिंग का काम करते हैं। दोपहर करीब एक बजे सर्वेश स्कूटर लेकर सामान लाने शहर की ओर आ रहा था। डेराबस्सी थाने से कुछ मीटर पहले पीछे से आ रही एक ट्राली की चपेट में आने से स्कूटर एकतरफ गिरा जबकि वह सड़क पर गिरा। ट्राली के पिछले टायरों तले उसकी दोनों टांगे कुचली गईं। लोग उसे अस्पताल पहुंचाने की बजाय वीडियो बनाते रहे और आपस में बतियाते रहे कि बचेगा या नहीं। सर्वेश ने हौसला नहीं छोड़ा और नीरज को फोन कर बुलाया। उनके आने के बाद ही अस्पताल पहुंचाने का बंदोबस्त हुआ। करीब 15 मिनट तक युवक भीड़भाड़ भरी सड़क पर तड़पता रहा। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गया।


