सोनी सब का ‘वागले की दुनिया’ आगामी कहानी में एडीएचडी और मानसिक सेहत की चुनौतियों पर ध्यान देगा

 सोनी सब का ‘वागले की दुनिया’ आगामी कहानी में एडीएचडी और मानसिक सेहत की चुनौतियों पर ध्यान देगा


मुंबई, सोनी सब का दिल छू लेने वाला पारिवारिक शो, ‘वागले की दुनिया - नई पीढ़ी नए किस्से’, मध्यमवर्गीय वागले परिवार के सामने आने वाली चुनौतियों की ज्ञान बढ़ाने वाली झलक पेश करता है। उनके दैनिक संघर्षों के बीच, शो अक्सर सामाजिक मुद्दों पर चर्चा करता है, और समाज में बातचीत करने योग्य महत्वपूर्ण विषयों को सामने लाता है। हाल के एपिसोड्स में, किट्टू (माही सोनी) को अटेंशन-डेफिसिट/हाइपरएक्टिविटी डिसऑर्डर (एडीएचडी) होने का पता चला, और परिवार को इस अपरिचित स्थिति को संभालने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

आगामी एपिसोड्स मानसिक सेहत के नाजुक विषय पर प्रकाश डालते हुए, ऐसी समस्याओं से जुड़ी आम गलतफहमियों और निर्णयों पर चर्चा करते हैं। शुरुआत में, किट्टू की दिक्कतों को केवल व्याकुलता और हाइपरएक्टिविटी के रूप में खारिज कर दिया जाता है, लेकिन सखी (चिन्मयी साल्वी) के हस्तक्षेप करने पर परिवार धीरे-धीरे किट्टू को समझने लगता है। जबकि वह किसी सलाहकार से परामर्श लेने का सुझाव देती है, वागले परिवार शुरू में इस बात का विरोध करता है। हालांकि, अंततः वे पेशेवर की मदद लेने के महत्व को समझते हैं। यह कहानी एडीएचडी को समझने और उसे किसी ऐसी समस्या के रूप में स्वीकार करने के महत्व पर ज़ोर देती है, जिसके उचित निदान और देखभाल की आवश्यकता है।

राजेश वागले की भूमिका निभा रहे, सुमीत राघवन ने कहा, “मुझे हमेशा से वागले की दुनिया का हिस्सा बनना पसंद रहा है, क्योंकि इसने विभिन्न पीढ़ियों के चश्मे से सामाजिक मुद्दों को दर्शाने के अपने अनूठे नज़रिये को पेश किया है। किट्टू का एडीएचडी से पीड़ित होना एक महत्वपूर्ण कहानी है, जो मानसिक स्वास्थ्य की समस्याओं से जूझ रहे व्यक्तियों के संघर्ष और उनसे संबंधित गलत सामाजिक धारणाओं पर प्रकाश डालती है। जैसे-जैसे कहानी सामने आएगी, यह शो ऐसे मुद्दों को धीरे—धीरे समझने और उनका समाधान करने के महत्व को दर्शाएगा, जो लोगों को प्रासंगिक मदद लेने के लिए प्रोत्साहित करेगा।”

सखी वागले की भूमिका निभाने वाली चिन्मयी साल्वी ने कहा, “युवा पीढ़ी से जुड़ा होने के कारण, मैं मानसिक सेहत के बारे में खुली बात करने की आवश्यकता को समझती हूं। हमारे शो की आगामी कहानी यह याद दिलाएगी कि ऐसी चिकित्सा स्थितियों से संबंधित मुद्दों को स्वीकार करना, उस प्यार देने और देखभाल करने की दिशा में पहला कदम है जिसका हर कोई हकदार है।”

‘वागले की दुनिया: नई पीढ़ी नए किस्से’ देखते रहें, हर सोमवार से शनिवार रात 9.00 बजे, केवल सोनी सब पर

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने