सरस्वती पूजन के बाद घग्गर नदी में बड़े स्तर पर मूर्ति विसर्जन
डेराबस्सी बसंत पंचमी की शुरुआत में जगह-जगह सरस्वती पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रवासी भाईचारे के लोगों ने बड़े स्तर पर मां सरस्वती की मूर्तियां तैयार कर एक पंडाल में उनका परिवारों के साथ पूजन किया गया। बाद में ट्रैक्टर ट्रालियों समेत वाहनों में इन मूर्तियों को एक शोभायात्रा के तौर पर घग्गर तटों पर विसर्जन के लिए पहुंचाया गया। शोभा यात्रा के दौरान ऊंची आवाज में डीजे समेत म्यूजिक सिस्टम से लैस वाहनों के अंदर बाहर बड़ी तादात में पूजाकर्ता लोग बसंत पंचमी के आगमन पर मां सरस्वती को याद करते हुए नाच गाते दिखे। डेराबस्सी में भांखरपुर और मुबारकपुर में चंडीगढ़ और जीरकपुर से भी लोग मां सरस्वती की मूर्तियां विसर्जन करने के लिए घग्गर नदी के तट पर पहुंचे। वहां पूर्ण श्रद्धा से नदी के पानी में उतरकर इन मूर्तियों का बड़े स्तर पर विसर्जन किया गया। कई जगह भंडारे भी लगाए गए।
