भारत विकास परिषद द्वारा नेत्रदाता रणजीत सिंह के परिवार को किया गया सम्मानित
स्वर्गीय रणजीत सिंह ने दो लोगों की ज़िंदगी में लौटाई रौशनी
डेराबसी:डेराबसी के साधू नगर निवासी 60 वर्षीय रणजीत सिंह पुत्र तेजा सिंह, जो हाल ही में स्वर्ग सिधार गए, की अंतिम अरदास गाँव ईसापुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में सम्पन्न हुई। इस अवसर पर भारी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान भारत विकास परिषद विवेकानंद डेराबसी की ओर से दिवंगत रणजीत सिंह के परिवार को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। परिषद ने उन्हें नेत्रदान जैसे महान कार्य के लिए सराहा।
रणजीत सिंह के निधन के उपरांत उनके पुत्र हरइंदरजीत सिंह ने परिवार की सहमति से उनके नेत्र दान करने का निर्णय लिया, जिससे दो नेत्रहीनों की ज़िंदगी में उजाला आ सका। हरइंदरजीत सिंह आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं, जबकि उनकी बहन का विवाह हो चुका है।
भारत विकास परिषद के उपेश बंसल ने बताया कि परिषद लगातार लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित करती आ रही है और अब तक 159 लोगों के नेत्रदान सुनिश्चित करवा चुकी है।
परिषद के प्रधान डॉ. बर्खा राम ने आम जनता से अपील की कि अधिक से अधिक लोग नेत्र एवं अंगदान के लिए आगे आएं ताकि ज़रूरतमंदों को नई ज़िंदगी दी जा सके। उन्होंने बताया कि परिषद डेराबसी क्षेत्र में लंबे समय से समाजसेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से कार्य कर रही है।
नेत्रदान - जीवनदान है। यह कार्य दूसरों की अंधेरी ज़िंदगी में उजाला भरने का सबसे पावन माध्यम है।
