कपिल देव बने SoBo मुंबई फाल्कन्स के ब्रांड एम्बेसडर, 2025 टी20 मुंबई लीग के लिए जर्सी लॉन्च
मुंबई: भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी कपिल देव ने टी20 मुंबई लीग 2025 के लिए SoBo मुंबई फाल्कन्स की आधिकारिक जर्सी लॉन्च की। इस मौके पर उन्हें टीम का ब्रांड एम्बेसडर भी घोषित किया गया। यह आयोजन न केवल टीम की आधिकारिक लॉन्चिंग थी, बल्कि इसने उस ऐतिहासिक पल को भी चिन्हित किया जब मुंबई फाल्कन्स रेसिंग लिमिटेड, जो बीते छह वर्षों से मोटरस्पोर्ट्स में बेहद सफल रही है, अब क्रिकेट की दुनिया में कदम रख रही है।
टीम के मालिक अमित एच. गढ़ोके ने कपिल देव का स्वागत करते हुए कहा कि भारतीय क्रिकेट की इस महान शख्सियत का हमारी टीम के साथ जुड़ना गर्व की बात है।
इस अवसर पर कपिल देव ने कहा,
> "मुंबई हमेशा से भारतीय क्रिकेट की धड़कन रहा है। SoBo मुंबई फाल्कन्स के इस नए सफर में उनका हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है।"
उन्होंने टीम की ऊर्जा, मेहनत और मुंबई की पहचान को सराहा और कहा कि वह युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे ताकि वे क्रिकेट में अनुशासन, जुनून और उत्कृष्टता की भावना के साथ आगे बढ़ सकें।
टी20 मुंबई लीग को युवा प्रतिभाओं के लिए एक अहम मंच बताते हुए कपिल देव ने भरोसा जताया कि SoBo मुंबई फाल्कन्स अपनी छाप जरूर छोड़ेंगे।
टीम में कई उभरते हुए खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें अंगकृष रघुवंशी, हर्ष रमणाथ अघव, कुश राजेश करिया, साई गणेश चव्हाण और निशित महेन्द्र बल्ला जैसे नाम प्रमुख हैं। वहीं, भारतीय टीम के स्टार खिलाड़ी श्रेयस अय्यर को टीम का आइकन प्लेयर नियुक्त किया गया है।
अनुभव और युवा जोश के इस मिश्रण, मोटरस्पोर्ट्स में मिली विरासत और कपिल देव जैसे लीजेंड के नेतृत्व के साथ, SoBo मुंबई फाल्कन्स 2025 की टी20 मुंबई लीग में दमदार आगाज़ करने को तैयार है।
इस आयोजन का सफल संचालन Effectstech द्वारा किया गया और पीआर की जिम्मेदारी संजय भूषण पटियाला ने निभाई।

