फिल्म “2Way” में विजय खेपड़, विजय पाटकर और गुरलीन चोपड़ा की दमदार तिकड़ी
भारतीय सिनेमा में समय-समय पर ऐसे फिल्मकार आते हैं जो कहानी और शैली में नए प्रयोग करते हैं। ऐसे ही रचनात्मक निर्देशक-लेखक हैं विजय खेपड़, जो अपनी नई क्राइम-कॉमेडी फिल्म टू वे (2Way) के साथ दर्शकों के सामने एक अनोखा मनोरंजन लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म 13 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई है और इसमें रोमांच, हास्य और सस्पेंस का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म टू वे को लिखा और निर्देशित किया है विजय खेपड़ ने, जबकि इसके निर्माता हैं राजेन्द्र कुमार वर्मा। कहानी, स्क्रीनप्ले और संवाद भी विजय खेपड़ ने ही तैयार किए हैं, फिल्म में उनकी रचनात्मक छाप साफ दिखाई देती है। फिल्म के छायांकन का जिम्मा संदीप शिन्दे ने संभाला है और संगीत दिया है विशाल शेलके ने। आर्ट डायरेक्शन महिन्दर सिंह का है और कोरियोग्राफी सनम खोरा ने की है।
विजय खेपड़ इससे पहले 2009 में आई सुपरहिट पंजाबी फिल्म “पुन्या दी रात” के जरिए हॉरर फिल्मों में कॉमेडी का अनोखा ट्रेंड शुरू कर चुके हैं। अब वे उसी प्रयोगधर्मिता को आगे बढ़ाते हुए क्राइम जॉनर में कॉमेडी का तड़का लगाकर "टू वे" लेकर आए हैं।
इस फिल्म में विजय खेपड़ सिर्फ निर्देशक ही नहीं, बल्कि एक अहम किरदार में भी नजर आएंगे। वे इंस्पेक्टर हीरा की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ मशहूर कॉमेडी अभिनेता विजय पाटकर मोती के किरदार में दिखाई देंगे। फिल्म में दोनों की जोड़ी चाचा-भतीजे की मजेदार पुलिस जोड़ी के रूप में दर्शकों को खूब हंसाने वाली है।
वहीं खूबसूरत अभिनेत्री गुरलीन चोपड़ा फिल्म में एडवोकेट पन्ना की भूमिका निभा रही हैं। हीरा, मोती और पन्ना की यह तिकड़ी कहानी को एक अलग ही रंग देती है। क्राइम से भरी घटनाओं के बीच इन तीनों किरदारों की दिलचस्प केमिस्ट्री फिल्म को मनोरंजक और रोमांचक बनाती है। पंकज बैरी,सुधा चन्द्रन, गुलशन पांडे, परी तोमर, जीत राय दत्त, दिव्यांशी डे, नेहा वर्मा, अर्चना गोल्डस्मिथ, दीया डिसूजा, मन्नत सिंह, संदीप सिंघल, सुशील गुप्ता, आरव वाधवा, अनिल वर्मा, सुरेश शर्मा और मिलिन्द गुनाजी अन्य प्रमुख कलाकार हैं।
कुल मिलाकर, विजय खेपड़ की रचनात्मक सोच, विजय पाटकर की शानदार कॉमिक टाइमिंग और गुरलीन चोपड़ा की दमदार मौजूदगी—ये तीनों मिलकर फिल्म “टू वे” को एक ऐसी क्राइम-कॉमेडी बनाते हैं, जिसका इंतजार दर्शकों को जरूर रहेगा। अब देखना दिलचस्प होगा कि हीरा, मोती और पन्ना की यह तिकड़ी बड़े पर्दे पर क्या धमाल मचाती है।

