मावां-धियां सत्कार योजना की ‘सखियों’ का विधायक रंधावा ने किया सम्मान

 

मावां-धियां सत्कार योजना की ‘सखियों’ का विधायक रंधावा ने किया सम्मान

महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए पंजाब सरकार प्रतिबद्ध : कुलजीत सिंह रंधावा




 डेराबस्सी, 06 सितंबर।
पंजाब सरकार की ओर से महिलाओं को सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण प्रदान करने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ के तहत डेराबस्सी हलके में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने योजना के तहत कार्य कर रही ‘सखियों’ को सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के जीवन सफर पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘संतोज से संसद तक’ भी दिखाई गई। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से मुख्यमंत्री के संघर्षपूर्ण जीवन, लोकसेवा, संसद तक के राजनीतिक सफर और पंजाब के नेतृत्व तक पहुंचने की यात्रा को प्रस्तुत किया गया।



इस अवसर पर विधायक कुलजीत सिंह रंधावा ने कहा कि ‘मावां-धियां सत्कार योजना’ महिलाओं को समाज में उनका उचित सम्मान दिलाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। योजना से जुड़ी ‘सखियां’ जमीनी स्तर पर महिलाओं तक सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं।

रंधावा ने कहा कि पंजाब सरकार महिलाओं के कल्याण और उनकी सामाजिक एवं आर्थिक मजबूती के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश की महिलाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें अपने पैरों पर खड़ा होने के लिए आवश्यक अवसर और सुविधाएं प्रदान करना है।



उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार की जनहितैषी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने सम्मानित ‘सखियों’ को बधाई देते हुए उनसे अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में महिलाओं को सरकारी योजनाओं, उनके अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति अधिक से अधिक जागरूक करें।

कार्यक्रम में जिला प्रधान प्रभजोत कौर, महिला विंग मालवा ईस्ट की प्रधान स्वर्णजीत कौर, जिला प्रधान कश्मीर कौर, हलका कोऑर्डिनेटर कुलदीप कौर सहित ब्लॉक कोऑर्डिनेटर, हलका संगठन इंचार्ज, मेन विंग के ब्लॉक प्रधान तथा अन्य पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने