डेराबस्सी में सैकड़ों युवाओं ने थामा कांग्रेस का दामन, उदयवीर सिंह ढिल्लों ने किया स्वागत
डेराबस्सी : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दीपेंद्र सिंह ढिल्लों की जनहितैषी नीतियों और विकासोन्मुखी सोच से प्रभावित होकर क्षेत्र के सैकड़ों युवाओं ने कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। इस अवसर पर उदयवीर सिंह ढिल्लों ने पार्टी में शामिल हुए युवाओं का स्वागत करते हुए उन्हें सिरोपा देकर सम्मानित किया।
कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख युवाओं में सिमरनजीत सिंह, हरमन सिंह, वरुण शर्मा, विनीत अधिकारी, सलमान खान, हैरी, दीपु अमलाला और कंवन शर्मा सहित बड़ी संख्या में युवा शामिल रहे। इस दौरान उदयवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस हर वर्ग के हितों की बात करने वाली पार्टी है और पार्टी की नीतियों को मजबूत करने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उन्होंने नए कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की नीतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा। युवाओं के पार्टी में शामिल होने से क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई गई।
कार्यक्रम में ट्रक यूनियन के पूर्व प्रधान चमन सैनी, लखविंदर सिंह लख्खा, पीएडीबी के पूर्व चेयरमैन इंद्रजीत सिंह कंबोज, अंकित जैन, कुलवंत सिंह और बलविंदर सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर गांव जड़ौत के युवाओं की ओर से 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली खेल प्रतियोगिताओं का पोस्टर भी जारी किया गया। प्रतियोगिताओं में वॉलीबॉल, दौड़ और रस्साकशी सहित विभिन्न खेल मुकाबले करवाए जाएंगे। आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं से इन प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।