सोनी सब के ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ में पुष्पा और चिराग है बपोद्रा के सीक्रेट का पता लगाने के मिशन पर
सोनी सब के ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ एक मां की कहानी है, जहां पुष्पा के रूप में अभिनेत्री करुणा पांडे ने, अपने हंसमुख स्वभाव, आशावादी सोच और जिंदगी के प्रति अनूठे नजरिये के साथ हमारे दिलों को चुरा लिया है। यह शो एक रोमांचक दौर में कदम रखने जा रहा है, जहां पुष्पा (करुणा पांडे), अपने छोटे भाई चिराग (दर्शन गुर्जर) की मदद से बपोद्रा (जयेश बर्भय) के रहस्य का पता लगायेगी। पुष्पा बपोद्रा द्वारा लंबे समय से अपने परिवार से छिपा कर रखे गये एक राज का पता लगाने के मिशन पर है। बपोद्रा हाल ही में बिजनेस के कुछ काम से सूरत गया था, जिसके लिये उसने अपने परिवार से झूठ कहा था। आगामी एपिसोड में बपोद्रा के बारे में एक बिल्कुल अनजाने रहस्य का पता चलेगा।
बपोद्रा अपनी पत्नी सुशीला से कहता है कि वह एक बिजनेस ट्रिप पर सूरत जा रहा है, जिसे वह सच मान लेती है और अगले दिन बपोद्रा सूरत के लिये निकल जाता है। बपोद्रा की हरकतें संदेहास्पद नजर आती है, जिससे पुष्पा यह पता लगाने के लिये बहुत उत्सुक हो जाती है कि असल में वह जा कहां रहा है। इसके बाद पुष्पा को पता चलता है कि बपोद्रा हर महीने सूरत जाता है, जिससे पुष्पा का बपोद्रा पर शक और भी बढ़ जाता है। बपोद्रा जब घर वापस लौटता है तो पुष्पा उससे सूरत जाने के बारे में सवाल-जवाब करने लगती है, क्योंकि उसे अपने छोटे बेटे चिराग की मदद से यह पता लगने वाला है कि बपोद्रा सूरत में क्या छिपा रहा है। इस एपिसोड में कुछ गंभीर सीन भी दिखाये जायेंगे, जिसमें पुष्पा बपोद्रा से पूछताछ करती नजर आयेगी, जिससे बपोद्रा का सच बाहर आ जायेगा।
क्या पुष्पा बपोद्रा की पत्नी सुशीला और बेटी प्रार्थना को उसका राज बता देगी?
करुणा पांडे, जोकि पुष्पा पटेल का किरदार निभा रही हैं, ने कहा, “पुष्पा अगर एक बार ठान लेती है, तो किसी को भी बचाने के लिये अपनी सबसे अच्छी कोशिश करती है। इसकी शूटिंग करते हुए मैं पूरी तरह से कहानी में खो गई थी और आगे क्या होगा, यह जानने के लिये रोमांचित भी थी। मैं इतना ही कह सकती हूँ कि पुष्पा एक औरत की जिन्दगी बचाने के लिये किसी भी हद से गुजर जाएगी और वह औरत है सुशीला, जिसे पुष्पा पसंद करती है, इसलिये यह पुष्पा के लिये ज्यादा मायने रखता है। बपोद्रा के मामले में, पुष्पा उसका रहस्य खोलने के लिये किसी भी हद तक जाएगी, लेकिन सुशीला को नुकसान न हो, इसका पूरा ध्यान रखेगी। पुष्पा की जिन्दगी का यह वक्त रोमांच और कौतूहल से भरा है, जिसे देखने का इंतजार जरूर करना चाहिये।”
बपोद्रा के सीक्रेट के बारे में और अधिक जानने के लिये देखिये ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ सोमवार से शनिवार, रात 9:30 बजे सिर्फ सोनी सब पर!
