मेडिकल एसोसिएशन द्वारा 110 मरीजों का मुफ्त चेकअप, दवाइयां भी दी
डेराबस्सी, बाढ़ के बाद की स्थिति से निपटने के लिए डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन ने स्वास्थ्य विभाग डेराबस्सी के सहयोग से क्षेत्र के विभिन्न गांवों में निशुल्क चिकित्सा शिविरों का कार्यक्रम एक हफ्ते से निरंतर जारी है। अब तक लगातार आठ कैंप लगाए जा चुके हैं। बुधवार को गांव बरौली और फतेहपुर जट्टा में मेडिकल शिविर जीवन ज्योति अस्पताल के डॉक्टर पारस सूरी और डॉक्टर रवीना सूरी की अगुवाई में लगाया गया।
डॉक्टर सूरी के अनुसार दोनों शिविरों में कुल मिलाकर 110 मरीजों की जांच की गई इसमें अस्पताल की मेडिकल टीम के अलावा आशा वर्कर राजरानी का भी बढ़-चढ़कर सहयोग रहा। टीम ने मरीजों की जांच की और जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क दवाइयां भी वितरित की। गंभीर रोगियों को डेराबस्सी सरकारी अस्पताल से इलाज करवाने की सलाह दी गई । इस मौके पर एसएमओ डॉ. धरमिंदर सिंह ने कहा कि उक्त कार्यक्रम के तहत डेराबस्सी मेडिकल एसोसिएशन के सहयोग से हलके के विभिन्न गांवों में कैंप लगाए जा रहे हैं जिसमें मरीजों को बरसात के मौसम में होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए जानकारी एवं बीमार व्यक्तियों को मुफ्त दवाइयां दी जा रही हैं।

