प्रदूषित पानी से लगभग 50 एकड़ के करीब धान की फसल हुई खराब एमएलए ने लिया जायजा
डेराबस्सी
डेराबस्सी नगर परिषद के तहत रेलवे लाइन पार भांखरपुर के साथ लगती करीब 50 एकड़ में लगाई गई धान फसल खेताें में प्रदूषित पानी भर आने से बर्बाद हो गई। करीब डेढ़ दर्जन किसानों ने इसके लिए साथ लगते ढ़ाबी नाले में साथ लगती आधा दर्जन फैक्ट्रीयों पर केमिकल युक्त प्रदूषित पानी छोड़ने का आरोप लगाया है। पता चलते ही एमएलए कुलजीत रंधावा ने अफसरों के साथ मौके का दौरा कर मुआयना किया। उन्होंने एसडीएम को जहां फसल की बर्बादी व मुआवजे का पता लगाने के लिए जरुरी कार्रवाई करने के एसडीएम डेराबस्सी को निर्देश दिए, वहीं बारिश के दौरान बाहर पानी छोड़ने वाली फैक्ट्रीयों का भी पता लगाने को कहा।
एमएलए कुलजीत रंधावा ने बताया कि उनके पास ईस्सापुर रौणी व भांखरपुर के कुछ किसान शिकायत लेकर आए थे कि उनके खेतों में प्रदूषित पानी भरने से करीब 50 एकड़ में लगाई धान की फसल मुरझाकर सूखने लगी है। उन्होंने बताया कि बारिश के दौरान ढ़ाबी नाले में फैक्ट्रीयों से छोड़े गए अनट्रीटड प्रदूषित पानी के कारण यह हालात हुए हैं। किसानों का कहना था कि उनके खेतों में उक्त प्रदूषित पानी भर गया, वहीं कुछेक ने पंप लगाकर उक्त नाले का पानी अपने खेतों में इस्तेमाल किया जिससे फसल सूख गई। उन्होंने बताया कि साथ लगते खेतों में जहां नलकूप का पानी इस्तेमाल किया गया, वहां कहीं भी फसल खराब होने की शिकायत नहीं है। इससे पता चलता है कि कुछ फैक्ट्रीयों ने ढ़ाबी नाले में चोरी छिपे प्रदूषित पानी छोड़ दिया। इसकी एसडीएम डेराबस्सी जांच करेंगे, वहीं किसानों के लिए मुआवजा तय करने से पहले फसली नुकसान का जायजा भी लेंगे। एमएलए ने कहा कि प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्रीयों को किसी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। उनके साथ नगर प्रधान नरेश उपनेजा, ईओ वरिंदर जैन भी मौजूद थे।

