फिल्म ‘ऐ वतन तेरे लिए’ का टाइटल सॉन्ग रिकॉर्ड, देशभक्ति की नई सोच को करेगी प्रस्तुत

 फिल्म ‘ऐ वतन तेरे लिए’ का टाइटल सॉन्ग रिकॉर्ड, देशभक्ति की नई सोच को करेगी प्रस्तुत




मुंबई। रॉकसन फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित की जा रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ऐ वतन तेरे लिए’ के टाइटल सॉन्ग की रिकॉर्डिंग हाल ही में एबी साउंड रिकॉर्डिंग स्टूडियो में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस अवसर पर फिल्म से जुड़े कलाकारों और तकनीकी टीम में विशेष उत्साह देखने को मिला।


फिल्म के शीर्षक गीत को अपनी मधुर आवाज़ से प्रसिद्ध गायक जावेद अली और कोरस कलाकारों ने सजाया है। गीत का संगीत प्रदीप रंजन ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल फिल्म के लेखक, निर्देशक एवं गीतकार रॉकसन वाटकर ने लिखे हैं। फिल्म में कुल चार गीत होंगे, जिसके संगीतकार प्रदीप रंजन और इकबाल दरबार हैं।


फिल्म के निर्माता विनीत त्यागी हैं, जबकि एडवोकेट तबस्सुम को-प्रोड्यूसर की जिम्मेदारी निभा रही हैं। फिल्म के क्रिएटिव डायरेक्टर एवं कोरियोग्राफर प्रवीन बारिया हैं। 



इस अवसर पर लेखक-निर्देशक रॉकसन वाटकर ने फिल्म की विषयवस्तु पर प्रकाश डालते हुए बताया कि अब तक देशभक्ति आधारित अधिकांश फिल्मों में हिंदू-मुस्लिम या भारत-पाकिस्तान जैसे विषयों को केंद्र में रखा गया है। हालांकि, ‘ऐ वतन तेरे लिए’ एक अलग दृष्टिकोण के साथ दर्शकों के सामने आएगी।


उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी एक ऐसे भारतीय युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो विदेश में भारतीयों के साथ होने वाले भेदभावपूर्ण व्यवहार से आहत हो जाता है। इसके बाद वह भारत लौटकर भारतीय संस्कृति, सभ्यता और संस्कारों को स्थापित करने तथा उनके सम्मान के लिए संघर्ष का मार्ग चुनता है। अपने इस उद्देश्य में वह कितना सफल होता है, यह दर्शकों को फिल्म देखने के बाद पता चलेगा।


फिल्म का टाइटल सॉन्ग देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत बताया जा रहा है और उम्मीद की जा रही है कि यह गीत श्रोताओं के दिलों में विशेष स्थान बनाएगा। फिल्म की टीम का मानना है कि ‘ऐ वतन तेरे लिए’ देशभक्ति के पारंपरिक स्वरूप से आगे बढ़कर भारतीय संस्कृति और आत्मगौरव का एक नया संदेश दर्शकों तक पहुंचाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने