डेरा बस्सी में पंजाब महिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौर का भव्य स्वागत

 डेरा बस्सी में पंजाब महिला कांग्रेस अध्यक्ष बलजीत कौर का भव्य स्वागत

किरण माखीजा को डेरा बस्सी विधानसभा महिला कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी, ब्रजेंद्र कौर राए ‘जिंदी’ भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल



डेरा बस्सी। पंजाब महिला कांग्रेस की एक महत्वपूर्ण बैठक आज डेरा बस्सी में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष बलजीत कौर की अध्यक्षता में पंजाब कांग्रेस प्रवक्ता अमित बावा सैनी के कार्यालय में आयोजित की गई। इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष बलजीत कौर का जोरदार स्वागत किया। लगातार दूसरी बार मोहाली से नगर निगम चुनाव जीतने पर उन्हें बधाई दी गई और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया।

बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी की पंजाब किसान मोर्चा की प्रदेश प्रवक्ता ब्रजेंद्र कौर राए ‘जिंदी’ ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया। उन्होंने महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बलजीत कौर और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग की वैचारिक सलाहकार समिति के सदस्य एवं पंजाब कांग्रेस प्रवक्ता अमित बावा सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा की। इस अवसर पर बलजीत कौर और अमित सैनी ने उन्हें पार्टी में पूरा मान-सम्मान दिए जाने का आश्वासन दिया।



महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बलजीत कौर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। उन्होंने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और देश की शीर्ष संवैधानिक पदों पर महिलाओं की भागीदारी कांग्रेस की सोच और विचारधारा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को राजनीति, समाज और नेतृत्व में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। कांग्रेस की विचारधारा समानता, भागीदारी और न्याय पर आधारित है।

इस अवसर पर अमित बावा सैनी ने कहा कि कांग्रेस में महिलाओं को सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं बनाया जाता, बल्कि उन्हें संगठन और निर्णय लेने की प्रक्रिया में अहम भूमिका दी जाती है। उन्होंने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनकी कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। सैनी ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं को संगठन में जिम्मेदारी देकर उन्हें नेतृत्व की मुख्यधारा से जोड़ती है।

बैठक के दौरान पंजाब महिला कांग्रेस कमेटी की ओर से कई महिलाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां देने की घोषणा की गई। ब्रजेंद्र कौर राए ‘जिंदी’ को प्रदेश महिला कांग्रेस महासचिव, रेणु नेहरू को जिला महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष, सोनिया रानी को जिला महिला कांग्रेस महासचिव, किरण माखीजा को डेरा बस्सी विधानसभा महिला कांग्रेस अध्यक्ष, जसवीर कौर को डेरा बस्सी ब्लॉक ग्रामीण अध्यक्ष और रेणु गुप्ता को डेरा बस्सी ब्लॉक शहरी अध्यक्ष नियुक्त किया गया।



कांग्रेस में शामिल होने के बाद ब्रजेंद्र कौर राए ‘जिंदी’ ने कहा कि भाजपा में महिलाओं को केवल प्रतीकात्मक स्थान दिया जाता था, जबकि कांग्रेस में महिलाओं को जिम्मेदारी और सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि आज देश में नेता विपक्ष राहुल गांधी समाज के हर वर्ग की पीड़ा को समझते हुए उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी जो भी जिम्मेदारी उन्हें सौंपेगी, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगी।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, महासचिव परवीन माखीजा और विक्रम राणा, जिला कांग्रेस प्रवक्ता मनप्रीत सैदपुरा, युवा नेता परमवीर राणा, हरमन भट्टी, ज़ीरकपुर से पवन नेहरू, दिलबर खान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने