राहुल गांधी के जन्मदिन पर किरण मखीजा ने महिलाओं को बांटे सेनेटरी पैड
गुलमोहर सिटी समेत विभिन्न सोसायटियों में चलाया जागरूकता एवं सेवा अभियान
📍 डेरा बस्सी, 19 जून।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर डेराबस्सी महिला कांग्रेस हलका इंचार्ज श्रीमती किरण मखीजा ने कम्युनिटी वेलफेयर और सहयोग की भावना के तहत विभिन्न रिहायशी सोसायटियों में जरूरतमंद महिलाओं के बीच सेनेटरी पैड वितरित किए। इस दौरान महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया गया।
श्रीमती किरण मखीजा ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत गुलमोहर सिटी, गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन, सिल्वर सिटी, बेला होम सहित डेरा बस्सी क्षेत्र की कई अन्य सोसायटियों में जाकर महिलाओं को सेनेटरी पैड वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में उन महिलाओं को भी शामिल किया गया, जो विभिन्न घरों में घरेलू सहायिका और साफ-सफाई का कार्य कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। इसी कड़ी में जीसीई डेराबस्सी की घरेलू सहायिकाओं के बीच भी सेनेटरी पैड वितरित किए गए।
लेडीज एमबीएम क्लब, जीसीई डेराबस्सी ने श्रीमती किरण मखीजा की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए उनका तहेदिल से धन्यवाद किया। क्लब की ओर से कहा गया कि महिलाओं के स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़े ऐसे सामाजिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्रीमती किरण मखीजा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के हितों के लिए आवाज उठाते रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर यह सेवा कार्य समाज के प्रति समर्पण और जनकल्याण की भावना का प्रतीक है।