हरियाणा की शान पंचकूला को बदलने के लिए शुरू किए सात सरोकार: ज्ञान चंद गुप्ता
द सुपर क्लास शो में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा खेल व उद्योगों में आगे बढ़ा पंचकूला
पंचकूला, 25 जुलाई, 2023: पंचकूला अब हरियाणा की शान बन चुका है। शिक्षा, खेल, पर्यटन और उद्योग की वजह से इसका नाम विदेशों तक फैल गया है। ऐसा संभव हुआ है हरियाणा सरकार की नीतियों की वजह से। यह कहना है हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष और पंचकूला के विधायक ज्ञान चंद गुप्ता का। वह द सुपर क्लास शो के विशेष अतिथि के रूप में बोल रहे थे।
विधानसभा अध्यक्ष उस समय हतप्रभ रह गए जब उन्हें पता चला कि शो का संचालन देश की सबसे कम उम्र (12 वर्ष) की होस्ट इप्सिता कर रही हैं। विनम्र स्वभाव के धनी ज्ञान चंद गुप्ता ने छोटी सी होस्ट द्वारा पूछे गए प्रत्येक सवाल का गंभीरता से जवाब दिया। अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर पहुंचे गुप्ता को इतना अच्छा लगा कि वह क़रीब दो घंटे तक शो में मौजूद रहे।
द सुपर क्लास शो में ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला को बेहतर बनाने के लिए उन्होंने नशामुक्त पंचकूला, प्लास्टिक मुक्त पंचकूला, पॉलीथीन मुक्त पंचकूला, अतिक्रमण मुक्त पंचकूला, स्लम फ़्री पंचकूला, डॉग और कैटल फ़्री पंचकूला जैसे सात सारोकारों की शुरुआत की है। इसका उद्देश्य यही है कि पंचकूला बेहतरीन बने। ज़िले में जागरूकता बढ़ने से इन सरोकारों में जन प्रतिभागिता होने लगी है।
ज्ञान चंद गुप्ता ने कहा कि पंचकूला को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि वो देश के अन्य शहरों के लिए एक रोल मॉडल बन सके। पंचकूला के एंट्री गेट, चौक, सड़कें और हरियाली जैसी चीजें इसे भव्य बनाती हैं। यहां के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल मनसा देवी मंदिर का जीर्णोद्धार किया गया है। शहर को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जा रहा है। मोरनी और पिंजौर के साथ ही जिले के पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भीड़ लगने लगी है। शिक्षा की बात करें तो पंचकूला में नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी भी आ गया है।
गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते वर्षों में जब उत्तरी भाग के प्रभारी थे तब वह चंडीगढ़ और पंचकूला में रहते थे। अनुशासन प्रिय प्रधानमंत्री के साथ काम करने से ही उनमें काम तेज़ी से कराने और जनता से सीधा संवाद स्थापित करने की समझ बढ़ी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के निर्देशन में हरियाणा सरकार ने उद्योगों के विकास की दिशा में बेहतरीन काम किया है। यही वजह है कि देश-विदेश के निवेशक पंचकूला आ रहे हैं। गुरुग्राम, पंचकूला, करनाल, सोनीपत, पानीपत के साथ ही हरियाणा के कई जिलों में में बड़े उद्योग स्थापित हुए हैँ।
