समाज सेवा में मिसाल बने 11 शिक्षकों का सम्मान

 समाज सेवा में मिसाल बने 11 शिक्षकों का सम्मान


भारत विकास परिषद विवेकानंद डेराबस्सी ने शिक्षक दिवस पर आयोजित किया विशेष सम्मान समारोह, शाल व प्रमाण पत्र देकर नवाजा


अध्यापन के साथ समाजसेवा, संस्कार और समर्पण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को ब्लॉक स्तर पर किया सम्मानित



डेराबस्सी। भारत विकास परिषद विवेकानंद डेराबस्सी की ओर से शिक्षक दिवस के अवसर पर ग्लोबल विंजडम इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में डेराबस्सी ब्लॉक के विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों से चयनित 11 शिक्षकों को उनके शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के साथ-साथ समाजसेवा, संस्कार, सेवा और समर्पण की भावना से किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।


परिषद की कोर कमेटी द्वारा ब्लॉक स्तर पर ऐसे शिक्षकों का चयन किया गया, जिन्होंने अध्यापन के दायित्व को निभाने के साथ समाज के विभिन्न क्षेत्रों में भी उल्लेखनीय योगदान दिया है। चयनित सभी शिक्षकों को परिषद की ओर से प्रमाण पत्र एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया।


परिषद के जनरल सेक्रेटरी अश्वनी शर्मा ने बताया कि विभिन्न सरकारी और निजी स्कूलों से मेहनती, ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ एवं समाज के प्रति समर्पित शिक्षकों के नामांकन प्राप्त हुए थे। इनमें से कोर कमेटी ने 11 योग्य शिक्षकों का चयन किया। सम्मानित होने वालों में मीना राजपूत, प्रियंका शर्मा, पूजा अग्रवाल, निकिता, डॉ. मिनु साही, ज्योति भला, नेहा, अंकिता रानी, शीतल शर्मा, पवन कुमार और गुलशन कुमार शामिल हैं।



कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्लोबल विंजडम इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन गुरदीप चहल ने परिषद द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित कर समाज के बेहतर भविष्य का निर्माण करते हैं।



इस अवसर पर रीजनल कन्वीनर एनवायरनमेंट बरखा राम ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व और समाज के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर अपने विचार रखे।


समारोह में परिषद के प्रधान नितिन जिंदल, जनरल सेक्रेटरी अश्वनी शर्मा, कैशियर जय प्रकाश धीमान, ठाकुर दास, नरेश कुमार, अवनीश त्यागी, मोहन लाल, ग्लोबल विंजडम इंटरनेशनल स्कूल के प्रिंसिपल तथा डॉ. वसुंधरा जी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने जलपान किया और खुशी एवं उत्साह के माहौल में समारोह का आनंद लिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने