लालड़ू में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच धूमधाम से मनाई श्री कृष्ण जन्माष्टमी
भगवान श्री कृष्ण की शिक्षाएं प्यार, भाईचारे और सद्भावना का संदेश देती हैं : एस.एम.एस. संधू
लालड़ू।
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर लालड़ू में महिला वीरांगना ग्रुप की ओर से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम करवाया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पंजाब इन्फोटेक के पूर्व चेयरमैन एस.एम.एस. संधू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक आस्था के साथ-साथ सांस्कृतिक रंग भी देखने को मिला और उपस्थित श्रद्धालुओं ने श्री कृष्ण जन्म उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं और उनके जीवन से जुड़े प्रसंगों को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पेश किया। भजनों, धार्मिक गीतों और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भगवान श्री कृष्ण के बाल स्वरूप और उनकी लीलाओं से जुड़ी प्रस्तुतियों ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं ने कलाकारों और प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
महिला वीरांगना ग्रुप में पूर्वांचल, उत्तराखंड, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों की महिलाएं शामिल हैं। खासकर लालड़ू क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाएं इस संस्था के साथ जुड़ी हुई हैं। ग्रुप की सदस्याएं विभिन्न क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं को साथ लेकर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम करवाती हैं। जन्माष्टमी समारोह में भी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा और सामूहिक भागीदारी के माध्यम से विभिन्न सांस्कृतिक रंगों को एक मंच पर पेश किया।
इस अवसर पर चेयरमैन ओमवीर राणा, इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह और गुरमेल सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। कार्यक्रम के आयोजन में प्रभजोत कौर, गीता देवी, सुमन, पिंकी, सुनीता, बेबी, बिंदु, चंपा, आशा रावत, गीता, अजय कुमार, राजीव कुमार और बाड़ा जी का विशेष सहयोग रहा।
मुख्य अतिथि एस.एम.एस. संधू ने जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक समारोह हमारी परंपराओं और संस्कृति को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी को प्यार, भाईचारे और सामाजिक सद्भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, कलाकारों, सहयोगियों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया।
