यश टोंक सोनी सब के शो ध्रुव तारा - समय सदी से परे के कलाकारों में शामिल हुए
सोनी सब के आगामी फैमिली रोमांस ड्रामा ध्रुव तारा में एक नई प्रेम कहानी खिलने के लिये तैयार है। नया शो ध्रुव और तारा के सफ़र के साथ आगे बढ़ता है, जो कि बिलकुल अलग युगों से होने के बावजूद एक-दूसरे से प्यार करने लगते हैं। यह शो एक ऐसी प्रेम कहानी से रोमांटिक शैली में धूम मचाने के लिये तैयार है, जैसी भारतीय टेलीविजन पर पहले कभी नहीं देखी गई। 17वीं सदी की एक राजकुमारी तारा अपने बीमार भाई का इलाज ढूँढने समय की सीमाओं से परे जाकर 21वीं सदी में आ जाती है और उसका सामना ध्रुव से होता है। ध्रुव और तारा की मुख्य भूमिकाओं में क्रमश: ईशान धवन और रिया शर्मा हैं। जिन्दगी की तलाश में तारा की किस्मत में ध्रुव आता है और उनके बीच प्यार का स्वाभाविक रिश्ता बन जाता है!
तारा के पिता, राजा उदय भान सिंह सुरक्षा की भावना रखने वाले एक नेक राजा हैं, जिनकी भूमिका में ऐक्टर यश टोंक नजर आने वाले हैं। वह न्यायप्रिय हैं और अदालत में हर किसी के साथ बराबरी वाला व्यवहार करते हैं। पुराने ख्यालात के होने के बावजूद उन्हें अपने बच्चों से बहुत प्यार है और बेटी ताराप्रिया से तो काफी लगाव है। देखना दिलचस्प होगा कि इस किरदार को यश कैसे निभाते हैं, ताकि वह ज्यादा असली लगे।
उदय भान सिंह की भूमिका निभा रहे यश टोंक ने कहा, ‘’यह भारतीय टेलीविजन पर अपने तरह का पहला शो है, जिसमें दो अलग युगों की भारी भिन्नताएँ हैं। जब मैंने इसका नैरेटिव सुना, तब मैं काम करने के लिये बड़ा रोमांचित हो गया, क्योंकि मैंने खुद को इस किरदार और कहानी के लिये परफेक्ट समझा। मैं उदय भान सिंह की भूमिका निभाने और टेलीविजन की एक अनदेखी कहानी का हिस्सा बनने को लेकर काफी खुश हूँ। किरदारों और बोलचाल पर सही काम करने के लिये हमने कुछ वर्कशॉप्स किये थे। मैंने कुछ सीन शूट किये हैं और अपने साथी कलाकारों से बहुत कुछ सीखना काफी रोमांचक रहा। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस नये कॉन्सेप्ट और अलग तरह की प्रेम कहानी को देखना पसंद करेंगे, जो कि कल्पना से परे है।‘’
ध्रुव तारा - समय सदी से परे 20 फरवरी को सोनी सब पर लॉन्च हो रहा है, ज्यादा जानने के लिये हमारे साथ बने रहिये
