राजस्थानी भाषा की फिल्म रंग जमायो बाईसा जोरदार का भव्य संगीतमय मुहूर्त सम्पन्न


 राजस्थानी भाषा की फिल्म रंग जमायो बाईसा जोरदार

का भव्य संगीतमय मुहूर्त सम्पन्न 



               रेनबो कलर्स मूवीज कृत राजस्थानी भाषा की फिल्म *"रंग जमायो बाईसा जोरदार"* का भव्य संगीतमय मुहूर्त हाल ही में ए.बी. साउंड रिकॉर्डिंग एंड डबिंग स्टूडियो, चार बंगला म्हाडा, अंधेरी पश्चिम, मुंबई में पामेला जैन के गाये गीत से हुआ। यश परिहार के गीत को उनके ही संगीतबद्ध धुन में पामेला के अतिरिक्त रेखा राव और डीसी मदाना ने भी अपने स्वर दिये। फिल्म में तीन गाने हैं और तीनों मुहूर्त के दिन ही रिकॉर्ड कर लिये गए। सुधीर शर्मा कौशिक और पार्थसारथी शर्मा द्वारा प्रस्तुत व निर्मित हो रही इस फिल्म के कप्तान निक्की बत्रा हैं। 



बत्रा *रंग जमायो बाईसा जोरदार* के नृत्य निर्देशक एवं फिल्म निर्देशक दोनों हैं। निक्की बत्रा की कहानी के लिए पटकथा संवाद त्रिलोकी सिरसिलावाले ने लिखा है। विकास सक्सेना सिनेमैटोग्राफर हैं और राजीव मित्तल एक्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर। आर्यन और पूर्णिमा सिंह फिल्म में नायक नायिका हैं। मुकुन्द महाले ने नारियल फोड़कर कार्यक्रम का श्रीगणेश किया। टार्जन फेम एक्टर हेमंत बिर्जे और कॉमेडियन सुनील पाल भी विशेष रूप से उपस्थित थे। 


                        अगले माह बीकानेर (राजस्थान) के खूबसूरत लोकेशंस पर *"रंग जमायो बाईसा जोरदार"*  की शूटिंग शुरू होगी। तीन सप्ताह तक शूटिंग चलने का शेड्यूल है। यह एक नारी प्रधान फिल्म है जिसमें आठ विवाहित युवतियों की प्रगतिशील सोच को प्रोत्साहित करने की कोशिश है। राजस्थान की ग्रामीण पृष्ठभूमि में विचरती कहानी में गृहिणी स्त्रियों की आकांक्षा और प्रतिभा के विषय को बड़ी साफगोई और बेबाकी से उठाया गया है। घोर विरोध के बावजूद आठों जुझारू स्त्रियां अपनी सोच पर दृढ़ता से डटी रहती हैं। परिणाम कैसा और क्या निकलेगा, यह क्लाइमेक्स में पता चलेगा। 


                   – समरजीत, पीआरओ।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने