गमाडा ने चलाया अवैध कालोनियों पर पीला पंजा,
डेराबस्सी,
डेराबस्सी हलके में कई गांव में बन रहे अवैध निर्माण पर गमाड़ा द्वारा बड़ी कार्रवाई करते हुए कई अवैध निर्माण ढांचों पर पीला पंजा चलाते हुए उन्हें धराशाई कर दिया।
जानकारी देते हुए गमाडा के एक अधिकारी ने बताया कि माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के सख्त निर्देश है कि किसी भी तरह का अवैध निर्माण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी के तहत डेराबस्सी के हरिपुर हिंदूआ, भगवानपुर, बेहड़ा एवं आसपास के कई गांवों में बन रही बेनामी अवैध कालोनियों पर गमाडा की रेगुलेटरी ब्रांच की ओर से कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मकान ,दुकानें एवं बड़ी संख्या में प्लाटों के इर्द-गिर्द की गई बाउंड्री वॉल्स गिरा दी गईं । इसके अलावा सीवर के पाइप, सड़कें तथा प्राइवेट बिल्डरों द्वारा लगाए गए बिजली के खंभे भी उखाड़ दिए गए। उन्होंने बताया कि इन अवैध कालोनियों में बन रहे , मकान मालिकों को कई बार रोका गया था, कानूनी नोटिस भी दिए गए थे परंतु इसके बावजूद इन अवैध कॉलोनियों में निर्माण कार्य जारी रहे। जिसके बाद आज की कार्रवाई अंजाम दी गई ।
जानकारी मुताबिक नगर परिषद के बाहरी इलाके में डेराबस्सी के करीब तीन दर्जन गांव हैं जिनमें अधिकतर पेरीफेरी दायरे में आते हैं जो चंडीगढ़ बॉर्डर से 16 किमी के रेडियस में हैं। नगर निकाय और गांवों की लाल लकीर को छोड़ इस क्षेत्र में बिना मंजूरी के निर्माण पर पाबंदी है। इसके अलावा दर्जनों गांव गमाडा के मास्टर प्लान में शामिल हैं। इस क्षेत्र में मास्टर प्लान को भी ताक पर रखकर कालोनियां धड़ल्ले से काटी जा रही हैं। कालोनियों हाइकोर्ट में चल रहे केस के तहत 2018 की पॉलिसी से पहले की जीरकपुर की 137 नाजायज कालोनियों और डेराबस्सी की 69 नाजायज कालोनियों का केस विचाराधीन है। इसके अलावा 2018 की पॉलिसी के बाद दर्जनों नई गैर विकसित कालोनियां काटी गई हैं जिनके खिलाफ गमाडा ने समय समय पर कार्रवाई की। उन्होंने लोगों से आधिकारिक कॉलोनी में ही प्लाट खरीदने की अपील की है। इस मौके जेई शुभकरण, जेई अक्षय, लखविंदर सिंह सुखविंदर सिंह और गमाड़ा के कई अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


