अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर जंगल से निकल कर अजगर आया
डेरा बस्सी
अंबाला चंडीगढ़ हाईवे पर डेराबस्सी के निकट जंगल से निकलकर एक लंबा अजगर बीती रात अचानक सड़क पर आ गया। वह मेन हाइवे और उसकी सर्विस रोड के बीच डिवाइडर पर चढ़ गया। करीब दो घंटे बाद फिर जंगलों में जा घुसा। इस दौरान राहगीर रुककर देखादेखी उसकी वीडियो बनाने लगे।
जानकारी मुताबिक अंबाला से चंडीगढ़ जाते हुए भूषण फैक्ट्री के सामने एसएसएल टावर्स के नजदीक जंगलों से एक लंबा अजगर निकल हाइवे की ओर आ गया। सर्विस रोड पार करता हुआ मेन हाइवे और सर्विस रोड के बीचोंबीच छोटे डिवाइडर पर चढ़ गया। डिवाइडर की कच्ची मिट्टी में वह रेंगता रहा। करीब 200 मीटर का सफर तय करने में उसने करीब दो घंटे लगाए जिसके बाद वापिस सर्विस रोड पार कर जंगलों में जा घुसा। गनीमत रही कि अजगर मेन हाइवे की बजाय दोबारा जंगलों की ओर रुख कर गया। राहगीरों द्वारा खींची गई वीडियाे सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। इस दौरान ट्रैफिक आवाजाही भी बाधित होती रही।
